क्या इंदौर में लोको पायलट ने समोसे के लिए रोकी ट्रेन? वीडियो हुआ वायरल, रेलवे ने शुरू की जांच
इंदौर-महू के बीच चलने वाली डेमू ट्रेन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल वीडियो में ट्रेन ट्रैक पर रुकी दिखाई देती है, जबकि लोको पायलट पास की एक दुकान पर जाकर समोसे खरीदता नजर आता है। कुछ देर बाद वह वापस इंजन में चढ़ता है और उसके बाद ट्रेन आगे बढ़ जाती है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो इंदौर के राऊ क्षेत्र स्थित रंगवासा रोड का है। हालांकि रेलवे ने अभी तक वीडियो की पूरी पुष्टि नहीं की है, लेकिन मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं वायरल वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने दावा किया कि इस जगह पर डेमू ट्रेन अक्सर कुछ मिनटों के लिए रुकती है। लोगों का कहना है कि कई बार लोको पायलट ट्रेन से उतरकर आसपास की दुकान पर जाता है और फिर ट्रेन रवाना होती है। हालांकि इन दावों की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
रेलवे जांच में क्या होगा और किन बातों की होगी पड़ताल?
दरअसल रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो विभाग के संज्ञान में आ चुका है। वीडियो को वरिष्ठ अधिकारियों के पास भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि ट्रेन किस वजह से रुकी थी और क्या उस समय कोई तकनीकी, सिग्नल या परिचालन संबंधी कारण मौजूद था। साथ ही यह भी जांच होगी कि लोको पायलट का केबिन से उतरना रेलवे के नियमों के अनुरूप था या नहीं।
क्या बिना किसी कारण के रोकी गई ट्रैन?
वहीं रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यदि जांच में यह साबित होता है कि ट्रेन बिना किसी अधिकृत कारण के रोकी गई और लोको पायलट निजी काम के लिए इंजन से बाहर निकला, तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल रेलवे ने किसी भी कर्मचारी को दोषी नहीं माना है और कहा है कि अंतिम फैसला जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही लिया जाएगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी तथ्यों की जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी।
जांच रिपोर्ट का इंतजार
हालांकि इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में इसे लेकर काफी चर्चा हो रही है। कई लोग वीडियो साझा कर रेलवे से पूरे मामले की जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं कुछ यात्रियों ने भी सवाल उठाए हैं कि यदि ट्रेन परिचालन के दौरान अनधिकृत रूप से रोकी गई है तो इससे समयपालन और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि अभी तक रेलवे ने यह नहीं बताया है कि वीडियो किस तारीख का है और ट्रेन कितनी देर तक रुकी थी।
15 साल के छात्र ने ChatGPT की मदद से किया बड़ा साइबर हमला! डिलीट कर डाले 46000 अकाउंट
जापान में एक 15 वर्षीय लड़के को गिरफ्तार किया गया है। उसने ChatGPT की मदद से 'बंदाई चैनल' पर साइबर हमला कर 46,000 से ज़्यादा सब्सक्राइबर अकाउंट डिलीट कर दिए। इस हमले के कारण कंपनी को अपनी सेवा एक महीने से ज़्यादा बंद करनी पड़ी।

Mp Breaking News
Asianetnews