Pakistan Cricket team: बाबर बने कप्तान पर शाहीन अफरीदी की हुई छुट्टी, 2 और खिलाड़ी वेस्टइंडीज-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज से बाहर
Pakistan Cricket team: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने वेस्टइंडीज दौरे के लिए टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही बड़ा फैसला लेते हुए बाबर आजम को एक बार फिर टेस्ट टीम की कप्तानी सौंप दी गई। बाबर ने शान मसूद की जगह ली, जो दिसंबर 2024 से इस फॉर्मेट में टीम की कमान संभाल रहे थे।
बाबर आजम की दूसरी पारी बतौर टेस्ट कप्तान वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज से शुरू होगी। इसके बाद पाकिस्तान को इंग्लैंड दौरे पर तीन टेस्ट की अहम सीरीज भी खेलनी है। ऐसे में बाबर के सामने टीम को जीत की राह पर लौटाने की बड़ी चुनौती होगी।
शाहीन अफरीदी की टेस्ट टीम से छुट्टी
टीम सेलेक्शन में पाकिस्तान ने कई बड़े बदलाव किए। मई 2026 में बांग्लादेश के खिलाफ 0-2 से टेस्ट सीरीज हारने वाली टीम से कई अनुभवी खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाया गया। तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी, हसन अली और अनुभवी स्पिनर नोमान अली को इस बार टीम में जगह नहीं मिली। इसके अलावा मध्यक्रम के बल्लेबाज सऊद शकील भी टीम से बाहर हैं।
पाकिस्तान के सेलेक्टर आकिब जावेद ने बताया कि सऊद शकील को फिटनेस कारणों से वेस्टइंडीज दौरे के लिए नहीं चुना गया है। हालांकि, उन्हें उम्मीद है कि शकील इंग्लैंड दौरे से पहले पूरी तरह फिट होकर टीम से जुड़ सकते।
मोहम्मद अली और जमाल की दोबारा मौका मिला
नई टीम में कुछ खिलाड़ियों की वापसी भी हुई है। तेज गेंदबाज मोहम्मद अली और ऑलराउंडर आमिर जमाल को फिर से मौका मिला है। वहीं, तीन खिलाड़ियों को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली।
नसीम शाह के छोटे भाई को मिली जगह
इनमें तेज गेंदबाज उबैद शाह सबसे चर्चित नाम हैं। उबैद, पाकिस्तान के तेज गेंदबाज नसीम शाह और हुनैन शाह के छोटे भाई हैं। इसके अलावा बाएं हाथ के स्पिनर अली उस्मान, जिन्होंने 2026-27 के कायद-ए-आजम ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लिए थे, उन्हें भी पहली बार राष्ट्रीय टीम में चुना गया। बल्लेबाज मोहम्मद अवैस जफर को भी टेस्ट टीम में डेब्यू का मौका मिल सकता।
लगातार खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान टीम में यह बड़ा बदलाव माना जा रहा। अब सभी की नजरें बाबर आजम की कप्तानी और नए खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी, क्योंकि वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज टीम के लिए काफी अहम मानी जा रही।
वेस्टइंडीज और इंग्लैंड में टेस्ट के लिए पाकिस्तान टीम: बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अज़ान अवैस, इमाम उल हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद रिजवान (विकेट कीपर), मोहम्मद अवैस जफर, मोहम्मद गाजी गौरी, साजिद खान, सलमान अली आगा, शान मसूद, उबैद शाह।
Babar Azam captain: बाबर आजम फिर बने पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान, शान मसूद से छीनी गई जिम्मेदारी
Babar Azam captain: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टेस्ट टीम की कप्तानी में बड़ा बदलाव करते हुए शान मसूद को पद से हटा दिया। उनकी जगह एक बार फिर बाबर आजम को टेस्ट टीम की कमान सौंपी गई। यह फैसला इसी महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट की सीरीज के लिए टीम घोषित करते समय लिया गया।
शान मसूद का कप्तानी कार्यकाल पाकिस्तान क्रिकेट इतिहास के सबसे निराशाजनक दौरों में गिना जा रहा। 3 साल पहले कप्तान बनाए गए मसूद ने 16 टेस्ट मैचों में टीम की अगुआई की, लेकिन इनमें से 12 मैच में पाकिस्तान को हार मिली। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में कोई भी कप्तान अपने पहले 16 टेस्ट में 12 हार नहीं झेल पाया था।
बाबर आजम फिर बने टेस्ट कप्तान
पाकिस्तान के इतिहास में सिर्फ पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने उनसे ज्यादा टेस्ट मैच हारे। मिस्बाह के नेतृत्व में पाकिस्तान को 56 टेस्ट में 19 हार मिली थीं। इतना ही नहीं, पाकिस्तान की टीम लगातार 7 टेस्ट हार चुकी, जो उसके टेस्ट इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे लंबी हार का सिलसिला है। इसी खराब प्रदर्शन के बाद बोर्ड ने कप्तानी बदलने का फैसला किया।
पाकिस्तान टीम एक जैसी गलती कर रही: जावेद
पाकिस्तान के हाई-परफॉर्मेंस डायरेक्टर आकिब जावेद ने कहा कि टीम बार-बार एक जैसी गलतियां दोहरा रही थी और जीते हुए मैच भी हाथ से निकल रहे थे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के सेंचुरियन टेस्ट का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां आखिरी विकेट के लिए विपक्षी टीम ने 50 से ज्यादा रन जोड़ दिए, जबकि मैच पाकिस्तान की पकड़ में था। वहीं मुल्तान टेस्ट में वेस्टइंडीज के खिलाफ भी टीम आसानी से बिखर गई।
आकिब जावेद के मुताबिक कप्तान की जिम्मेदारी सिर्फ टीम का नेतृत्व करना नहीं होती, बल्कि मैच खत्म करना, सही समय पर डीआरएस लेना, ओवर रेट बनाए रखना और टॉस के बाद सही रणनीति अपनाना भी उसकी जिम्मेदारी होती। उनका मानना है कि इन क्षेत्रों में टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी।
हालांकि, कप्तानी में नाकामी के बावजूद शान मसूद का व्यक्तिगत प्रदर्शन अच्छा रहा। कप्तान बनने के बाद उनका बल्लेबाजी औसत 34.06 रहा, जो कप्तान बनने से पहले के 28.51 के औसत से बेहतर है। इस दौरान उन्होंने दो शतक और सात अर्धशतक भी लगाए। आकिब जावेद ने साफ किया कि मसूद को कप्तानी से हटाने का फैसला उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन से अलग है।
बाबर ने 2023 में 20 टेस्ट में कप्तानी की थी
अब पाकिस्तान ने दोबारा बाबर आजम पर भरोसा जताया है। बाबर ने 2023 तक 20 टेस्ट मैचों में पाकिस्तान की कप्तानी की थी, जिनमें टीम ने 10 मुकाबले जीते थे। उनके नेतृत्व में पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को घरेलू सीरीज में 2-0 से हराया था और बांग्लादेश व श्रीलंका में भी टेस्ट सीरीज जीती थी। कप्तानी के दौरान बाबर का बल्लेबाजी प्रदर्शन भी शानदार रहा और उनका टेस्ट औसत 50 से ऊपर था।
हालांकि, बाबर के कप्तानी कार्यकाल में इंग्लैंड के खिलाफ घर में 3-0 की ऐतिहासिक हार भी शामिल रही थी। अब उनके सामने बड़ी चुनौती होगी क्योंकि वेस्टइंडीज दौरे के तुरंत बाद पाकिस्तान को इंग्लैंड में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। इसके बाद घरेलू सीजन में न्यूजीलैंड और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों का सामना भी करना होगा। ऐसे में बाबर की दूसरी कप्तानी पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बेहद अहम मानी जा रही।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi