संन्यास से लौटीं सेरेना विंबलडन के पहले राउंड में हारीं:24 साल छोटी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने हराया, इगा स्वियातेक अगले राउंड में
रिटायरमेंट से वापसी कर रही सेरेना विलियम्स को विंबलडन के पहले ही राउंड में हार गई हैं। 44 साल की सेरेना को उनसे 24 साल छोटी ऑस्ट्रेलिया की माया जॉइंट ने 6-3, 6-7, 6-3 से हराया। 23 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना अब लेडीज डबल्स कैटेगरी में अपनी बड़ी बहन वीनस विलियम्स के साथ चुनौती पेश करेंगी। सेरेना ने करीब चार साल (1,462 दिन) बाद इस चैंपियनशिप से वापसी की। उन्हें लेडीज सिंगल्स और डबल्स कैटेगरी में वाइल्ड कार्ड एंट्री दी गई। 2022 में मां बनने के बाद उन्होंने इंटरनेशनल करियर से रिटायरमेंट ले लिया था। उम्र से 24 साल छोटी खिलाड़ी से हारी सेरेना सेरेना विलियम्स थोड़ी थकी और लय से बाहर नजर आईं। पहले सेट में ऑस्ट्रेलिया की माया जॉइंट ने उनकी कमजोरियों का फायदा उठाया और यह सेट आसानी से 6-3 से अपने नाम किया। दूसरे सेट में सेरेना ने शानदार वापसी की। दो बार ब्रेक पॉइंट पर पिछड़ने के बाद उन्होंने खेल को टाइ-ब्रेकर तक खींचा और दूसरा सेट 7-6 से जीत लिया। हालांकि, तीसरे सेट में शारीरिक थकान उन पर हावी हो गई और माया ने आखिरी सेट 6-3 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। सेरेना ने बयान में कहा- 'विंबलडन में वापस आना वास्तव में बहुत अच्छा था। मुझे यहां आने की उम्मीद नहीं थी। माहौल अद्भुत था और मैंने इस पल का पूरा आनंद लिया।' चोट से दिमित्रोव की शानदार वापसी, सीधे सेटों में जीते बुल्गारिया के 35 साल के खिलाड़ी ग्रिगोर दिमित्रोव ऑस्ट्रेलिया के डेन स्वीनी को सीधे सेटों में 7-6, 6-3, 7-5 से हरा दिया। दिमित्रोव पिछले साल इसी कोर्ट पर यानिक सिनर के खिलाफ 2 सेट की बढ़त लेने के बाद पेक्टोरल इंजरी (सीने की मांसपेशी में चोट) के कारण मैच से हट गए थे। वे रोते हुए कोर्ट से बाहर गए थे। कोर्ट पर ही रो पड़ीं इगा स्वियातेक, तीन सेट के संघर्ष में जीतीं महिला सिंगल्स की मौजूदा चैंपियन पोलैंड की इगा स्वियातेक को भी अपने पहले दौर के मुकाबले में काफी पसीना बहाना पड़ा। तीसरी वरीयता प्राप्त स्वियातेक ने अमेरिका की टेलर टाउनसेंड को 6-1, 2-6, 6-3 से हराया। पहला सेट 6-1 से आसानी से जीतने के बाद दूसरा सेट हार गईं। तीसरे सेट के पहले गेम में उन्होंने तीन डबल फॉल्ट करने के बावजूद चार ब्रेक पॉइंट बचाए और अंततः दो घंटे से अधिक चले मैच को जीत लिया। जीत के बाद स्वियातेक इतनी भावुक हो गईं कि कोर्ट पर ही तौलिए से मुंह छिपाकर रोने लगीं। 38 साल में पहली बार पहले दौर में हारे 15 खिलाड़ी मेजबान ब्रिटेन के लिए टूर्नामेंट का दूसरा दिन बेहद निराशाजनक रहा। विंबलडन के इतिहास में 38 साल बाद ऐसा हुआ है। जब पहले ही दौर में ब्रिटेन के 15 खिलाड़ी हारकर बाहर हो गए हैं। इससे पहले 1988 में 16 ब्रिटिश खिलाड़ी पहले दौर में हारे थे। हालांकि, केटी स्वान, जैकब फर्नली, आर्थर फेरी और जान चोइंस्की ने अपने-अपने मैच जीतकर ब्रिटेन की उम्मीदों को जिंदा रखा है। केटी स्वान ने रोमानिया की इरिना-कैमेलिया बेगु को 6-4, 6-4 से हराया, जबकि फर्नली ने दो सेट पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए मैच जीता।
इंग्लैंड और कांगो डीआर पहली बार आमने-सामने:FIFA वर्ल्ड कप में आज मुकाबला, बेल्जियम की सेनेगल से भिड़ंत; मेजबान अमेरिका के सामने बोस्निया
FIFA वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड और कांगो डीआर का मुकाबला होगा। दोनों टीमें पहली बार एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। यह मुकाबला अटलांटा स्टेडियम में आज रात 9:30 बजे से खेला जाएगा। इसके बाद के 2 मुकाबले भारतीय समयानुसार अगले दिन यानी 2 जुलाई को खेले जाएंगे। बेल्जियम और सेनेगल की भिड़ंत रात 01:30 बजे से सिएटल स्टेडियम में होगी। इसके बाद अमेरिका और बोस्निया एंड हर्जेगोविना का मुकाबला होगा। यह मैच सुबह 5:30 बजे से सैन फ्रांसिस्को बे एरिया स्टेडियम में शुरू होगा। मैच 80: इंग्लैंड और कांगो डीआर की पहली भिड़ंत इंग्लैंड और कांगो डीआर के बीच अब तक कोई मुकाबला नहीं खेला गया। फुटबॉल में दोनों की सीनियर टीमें पहली बार आमने सामने होंगी। इस मैच में इंग्लैंड फेवरेट के तौर पर मैदान में उतरेगी। ग्रुप स्टेज में दोनों टीमों का परफॉर्मेंस इंग्लैंड की टीम ग्रुप स्टेज में बिना मैच हारे नॉकआउट में पहुंची है। टीम 3 मैचों में 2 जीत और 1 ड्रॉ के साथ ग्रुप-L में पहले स्थान पर रही। दूसरी ओर, कांगो डीआर का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा। ग्रुप-K में टीम ने 3 मैचों में 1 जीत, 1 हार और 1 ड्रॉ खेलकर राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की की है। इंग्लैंड को अपने कप्तान और अनुभवी स्ट्राइकर हैरी केन से गोल करने की उम्मीद होगी। वहीं कांगो डीआर से इन-फॉर्म फॉरवर्ड योआन विसा पर निगाहें होंगी। दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11: इंग्लैंड: पिकफोर्ड, वाकर, स्टोंस, गुएही, ट्रिपियर, राइस, मेनू, साका, बेलिंगहैम, फोडेन, केन। कांगो डीआर: म्पासी, वान-बिसका, म्बेम्बा, टुआनजेबे, मासुआकु, सिपेन्गा, मुतुसामी, सादिकी, म्बुकु, बकाम्बु, विसा। मैच 81: बेल्जियम के सामने सेनेगल की कड़ी चुनौती बेल्जियम और सेनेगल पहली बार एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे। दोनों टीमें शानदार फॉर्म में हैं। हालांकि ग्रुप स्टेज की परफॉर्मेंस को देखते हुए बेल्जियम फेवरेट के तौर पर उतरेगी। ग्रुप स्टेज में दोनों टीमों का परफॉर्मेंस बेल्जियम ग्रुप स्टेज में बिना मैच हारे नॉकआउट में पहुंचा है। उसने ग्रुप-G के 3 मैचों में 1 जीत दर्ज की और 2 मैच ड्रॉ खेले। टीम ग्रुप में टॉपर थी। सेनेगल ग्रुप-I में 3 मैचों में 1 जीत और 2 हार के बाद राउंड-32 में पहुंचा है। बेहतर गोल डिफरेंस के आधार पर उसे नॉकआउट में जगह मिली। बेल्जियम के स्टार मिडफील्डर केविन डी ब्रुइन पासेज और बेहतरीन गेम कंट्रोल के लिए जाने जाते हैं। उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। वहीं सेनेगल दिग्गज फॉरवर्ड सादियो माने के खेल की बदौलत उलटफेर की कोशिश करेगी। दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11: बेल्जियम: कास्टील्स, फाएश, वर्तोंघेन, थीएट, कास्टाग्ने, ओनाना, मोंगाला, डोकू, डी ब्रुइन, ट्रोसार्ड, लुकाकू। सेनेगल: एडुआर्ड मेंडी, जैकब, कौलीबाली, निआखाते, गासामा, पापे गुएये, लैमिन कमारा, सिस, इसमाइला सार, जाक्सन, सादियो माने। मैच 82: बोस्निया के खिलाफ अमेरिका का पलड़ा भारी अमेरिका और बोस्निया एंड हर्जेगोविना के बीच अब तक 3 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें अमेरिका का पलड़ा भारी रहा है। अमेरिका ने 2 मैच जीते हैं, जबकि 1 मुकाबला ड्रॉ रहा है। बोस्निया को पहली जीत का इंतजार है। FIFA वर्ल्ड कप में दोनों की यह पहली भिड़ंत होगी। ग्रुप स्टेज में दोनों टीमों का परफॉर्मेंस अमेरिका ग्रुप-D में 2 जीत और 1 हार के साथ नॉकआउट में पहुंची है। वहीं बोस्निया एंड हर्जेगोविना ग्रुप-B में 1 जीत, 1 हार और 1 ड्रॉ के साथ पहुंची है। अमेरिकी टीम को स्टार विंगर क्रिश्चियन पुलिसिक से गोल की उम्मीद होगी। वहीं बोस्निया कप्तान और स्ट्राइकर एडिन जेको पर निर्भर होगी। दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11: अमेरिका: टर्नर, स्काली, रिचर्ड्स, रीम, रॉबिन्सन, मैकेनी, एडम्स, मूसाह, वेआ, राइट, पोलिस। बोस्निया एंड हर्जेगोविना: वासिलिज, मालिच, कतिच, रादेलिच, कोलासिनाक, बाजराक्तारेविच, सुन्जिच, बासिच, अलाजबेगोविच, डेमिरोविच, जेको।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others