रनों का भूखा है ये भारतीय बल्लेबाज! बैक टू बैक 2 शतक लगाकर मचाया तहलका, IPL 2026 में बनाकर आया है 700 से ज्यादा रन
IND A VS SL A: इंडिया ए और श्रीलंका ए की टीमों के बीच दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट मैच खेला जा रहा है. गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से कमाल की बल्लेबाजी देखने को मिल रही है. टीम इंडिया की ओर से ओपनिंग करने आए बल्लेबाज ने तो शानदार बल्लेबाजी की और एक मैराथन पारी खेलकर आउट हुए. इस बल्लेबाज ने न केवल दूसरे टेस्ट में बल्कि इससे पहले श्रीलंका ए के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट मैच में भी कमाल की बल्लेबाजी की और शतक ठोका था. इसी के साथ ये बल्लेबाज अनऑफिशियल टेस्ट मैचों की सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला बल्लेबाज भी बन गया है.
168 रनों की मैराथन पारी खेलकर आउट हुआ स्टार बल्लेबाज
गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट मैच में जिस बल्लेबाज ने सभी को प्रभावित किया है और मैराथन पारी खेलकर आउट हुआ है, वो कोई और नहीं बल्कि साईं सुदर्शन हैं. इस खिलाड़ी ने 267 गेंदों पर 168 रनों की कमाल की मैराथन पारी खेली, जिसमें उन्होंने 22 चौके लगाए. इस मुकाबले में भारत की ओर से सुदर्शन और अमन मोखड़े पारी की शुरुआत करने के लिए आए. अमन 48 गेंदों पर 38 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे. मगर, सुदर्शन डटे रहे और 168 रन बनाकर आउट हुए.
132(175) in the first Unofficial Test ✅
— Johns. (@CricCrazyJohns) July 4, 2026
168(267) in the second unofficial Test ✅
A MARATHON INNINGS COMES TO AN END BY SAI SUDHARSAN IN GALLE - Great news for Gill & Gambhir ???????? pic.twitter.com/vM59Ok9WDW
पहले मैच में भी लगाया था शतक
श्रीलंका के साथ खेला गया पहला टेस्ट मैच भले ही ड्रॉ पर खत्म हुआ हो, लेकिन उस मैच में भी साईं सुदर्शन ने छाप छोड़ी थी. वह आयुष पांडे के साथ ओपनिंग करने आए थे, जहां आयुष तो 25 रन बनाकर आउट हो गए थे. मगर, सुदर्शन ने कमाल की बल्लेबाजी की थी. उन्होंने 175 गेंदों पर 132 रनों की पारी खेली थी, जिसमें 19 चौके लगाए थे. वहीं, दूसरी पारी में वह रिटायर्ड हर्ट हो गए थे.
साईं सुदर्शन ने IPL 2026 में बनाए थे 722 रन
आईपीएल 2026 में साईं सुदर्शन ने कमाल का प्रदर्शन किया था. गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए सुदर्शन ने 17 मैच खेले, जिसकी 17 पारियों में 45.13 के औसत और 157.98 की स्ट्राइक रेट से 722 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 8 अर्धशतक लगाए. आपको बता दें, इससे पहले आईपीएल 2025 में उन्होंने ऑरेंज कैप अपने नाम कर ली. 2025 में सुदर्शन ने 15 मैच खेले थे, जिसमें 156.17 की स्ट्राइक रेट और 54.21 के औसत से 759 रन बनाए थे.
अब तक ऐसा रहा है दूसरे टेस्ट मैच का हाल
श्रीलंका ए के साथ खेले जा रहे दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट मैच में टीम इंडिया के कप्तान ध्रुव जुरेल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया. जहां, पहले बल्लेबाजी करने उतरी लंकाई टीम ने पहली पारी में 366 रन बोर्ड पर लगाए. वहीं, भारतीय टीम पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी कर रही है और खेल का तीसरा दिन जारी है.
मगर, बारिश के चलते मैच रुक गया है. टीम इंडिया ने पहली पारी में 104 ओवर बल्लेबाजी की है, जिसमें 4 विकेट के नुकसान पर 406 रन बना लिए हैं और 40 रनों की बढ़त हासिल कर ली है. भारत की ओर से साईं सुदर्शन ने 168 रन बनाए हैं. वहीं, देवदत्त पडिक्कल ने भी 94 रनों की धाकड़ पारी खेली हैं. कप्तान ध्रुव जुरेल 53 रन बनाकर आउट हुए.
ये भी पढ़ें: EXPLAINER: बारिश के बाद कैसे और क्यों बदल जाता है पिच का मिजाज? विस्तार से जानें कैसे आता है प्लेइंग-कंडीशन में बदलाव
Explainer: आखिर क्या है जापान का सीक्रेट ‘IKIGAI’? जानिए कैसे पता करें अपने जीवन का असली मकसद
क्या आपने कभी खुद से यह सवाल पूछा है कि "मैं आखिर क्या करना चाहता हूं या चाहती हूं?" या "मेरी जिंदगी का असली मकसद क्या है?" अगर हां, तो जापान की एक पुरानी जीवनशैली आपको इसका जवाब खोजने में मदद कर सकती है. इस दर्शन का नाम है "IKIGAI" (इकिगाई). दुनियाभर में लाखों लोग आज बेहतर करियर, मानसिक शांति और संतुष्ट जीवन के लिए "IKIGAI" को अपना रहे हैं. खास बात यह है कि यह सिर्फ सफलता की बात नहीं करता, बल्कि हर दिन खुशी और उद्देश्य के साथ जीने का तरीका भी सिखाता है. आइए विस्तार से जानते हैं कि आखिर "IKIGAI" क्या है और आप इसे अपनी जिंदगी में कैसे खोज सकते हैं.
क्या है IKIGAI?
IKIGAI एक जापानी शब्द है. Iki का मतलब होता है "जीवन". Gai का मतलब होता है "मूल्य" या "जीने का कारण" सरल शब्द में कहें तो "IKIGAI" वह वजह है जिसके कारण आप हर सुबह उत्साह के साथ उठते हैं. यह कोई एक नौकरी, पैसा या बड़ा सपना ही नहीं होता. यह वह काम भी हो सकता है जिससे आपकी खुशी मिलती हो, दूसरों का भला होता हो और आपकी जिंदगी अर्थपूर्ण महसूस होती हो.
दुनियाभर में क्यों मशहूर हुआ IKIGAI?
पिछले कुछ वर्षों में IKIGAI पूरी दुनिया में मशहूर हुआ है. इसकी सबसे बड़ी वजह जापान के ओकिनावा क्षेत्र को माना जाता है. ओकिनावा दुनियाा के उन क्षेत्रों में शामिल है जहां बड़ी संख्या में लोग 90 से 100 साल या उससे अधिक उम्र तक स्वस्थ जीवन जीते हैं. कई विशेषज्ञ मानते हैं कि वहां के लोगों की सकारात्मक सोच, जीवनशैली, मजबूत सामाजिक संबंध और "IKIGAI" जैसी जीवन-दृष्टि उनकी लंबी उम्र और मानसिक संतुलन में अहम भूमिका निभाती है.
IKIGAI के चार मुख्य आधार
1. आपको क्या करना सबसे ज्यादा पसंद है? (What You Love)
ऐसा कौन-सा काम है जिसे करते समय आपको समय का पता ही नहीं चलता? यह आपकी रुचि या जुनून हो सकता है जैसे- लिखना, संगीत सुनना, पढ़ाना, पेंटिंग करना, यात्रा करना या फिर खाना बनाना.
2. आप किस काम में अच्छे हैं? (What You Are Good At)
हर व्यक्ति में कोई न कोई खास प्रतिभा होती है. खुद से पूछें लोग आपकी किस बात की तारीफ करते हैं? आपकी सबसे मजबूत स्किल क्या है? किस काम में आपको आत्मविश्वास महसूस होता है?
3. दुनिया को किस चीज की जरूरत है? (What the World Needs)
आपका हुनर दूसरों की किस तरह मदद कर सकता है? उदाहरण के लिए शिक्षा देना, स्वास्थ्य सेवाएं, नई तकनीक बनाना, लोगों को प्रेरित करना और पर्यावरण संरक्षण
4. किस काम के लिए आपको पैसे मिल सकते हैं? (What You Can Be Paid For)
सिर्फ शौक होना काफी नहीं है. यह भी जरूरी है कि आपका हुनर आपके करियर या आय का माध्यम बन सके.जब ये चारों बातें एक जगह मिलती हैं, तो वहीं आपका IKIGAI हो सकता है.
कैसे पता करें अपना IKIGAI?
IKIGAI एक दिन में नहीं मिलता. इसे समझने के लिए खुद को समय देना पड़ता है.
खुद से सवाल पूछें
रोज कुछ मिनट अपने बारे में सोचें. मुझे सबसे ज्यादा खुशी कब मिलती है? मैं किस काम में सबसे ज्यादा ऊर्जा महसूस करता हूं? कौन-सा काम मैं बिना किसी दबाव के करना चाहता हूं?
अपनी पर्सनल डायरी बनाएं
अपनी एक पर्सनल डायरी बनाएं और उसमें आपकी पसंद, आपकी ताकत, आपकी उपलब्धियां और आपके सपनों के बारे में लिखें. धीरे-धीरे आपको एक पैटर्न दिखाई देने लगेगा.
नई चीजें सीखें
अगर आपको अपना उद्देश्य नहीं मिल रहा तो नई गतिविधियां शुरू करें. कोई नया कोर्स करें. नई भाषा सीखें. यात्रा करें और अलग-अलग लोगों से मिलें. कई बार नया अनुभव ही आपकी नई दिशा बन जाता है.
दूसरों से फीडबैक लें
परिवार, दोस्त और सहकर्मी कई बार आपकी ताकत को आपसे बेहतर पहचानते हैं. उनसे पूछें "मेरी सबसे बड़ी खूबी क्या है?"
धैर्य रखें
हर व्यक्ति का IKIGAI अलग होता है. कुछ लोगों को यह जल्दी मिल जाता है, जबकि कुछ लोगों को इसमें कई साल लग सकते हैं.
क्या IKIGAI समय के साथ बदल सकता है?
बिल्कुल, 20 साल की उम्र में आपका उद्देश्य कुछ और हो सकता है. 40 या 60 साल की उम्र में आपकी प्राथमिकताएं बदल सकती हैं, इसीलिए IKIGAI कोई स्थायी चीज नहीं है. यह आपके अनुभव, जिम्मेदारियों और जीवन के अलग-अलग चरणों के साथ बदल भी सकता है.
IKIGAI अपनाने के फायदे
- जीवन में स्पष्ट दिशा मिलती है.
- काम करने की प्रेरणा बढ़ती है.
- तनाव कम महसूस होता है.
- मानसिक संतुलन बेहतर रहता है.
- निर्णय लेना आसान होता है.
- आत्मविश्वास बढ़ता है.
क्या सिर्फ नौकरी ही आपका IKIGAI हो सकती है?
नहीं, कई लोगों का IKIGAI उनका पेशा होता है. लेकिन कई लोगों के लिए यह परिवार की देखभाल, समाज सेवा, कला, खेती, शिक्षा, किताबें लिखना और बच्चों को पढ़ाना भी हो सकता है. यानी IKIGAI सिर्फ पैसे कमाने का जरिया नहीं, बल्कि जीवन जीने की वजह है.
युवाओं के लिए IKIGAI क्यों जरूरी है?
आज के समय में करियर के हजारों विकल्प हैं. ऐसे में कई युवा भ्रमित रहते हैं कि कौन-सा रास्ता चुनें. IKIGAI उन्हें यह समझने में मदद करता है कि केवल ट्रेंड के पीछे भागने के बजाय अपनी रुचि, क्षमता और समाज की जरूरत के अनुसार करियर चुनना अधिक संतोष देता है. IKIGAI का मतलब यह नहीं कि जीवन में कभी परेशानी नहीं आएगी. लेकिन जब आपको अपने काम और जीवन का उद्देश्य पता होता है, तो कठिन परिस्थितियों का सामना करना आसान हो जाता है. यही वजह है कि इसे सिर्फ सफलता नहीं, बल्कि आसान जीवन जीने का जरिया माना जाता है.
FAQs
Q1. IKIGAI क्या है?
IKIGAI एक जापानी दर्शन है, जिसका अर्थ है जीवन जीने का उद्देश्य या हर दिन उठने की वजह.
Q2. क्या हर व्यक्ति का IKIGAI अलग होता है?
हां, हर व्यक्ति की रुचि, प्रतिभा और जीवन की परिस्थितियां अलग होती हैं, इसलिए उसका IKIGAI भी अलग हो सकता है.
Q3. क्या IKIGAI केवल करियर से जुड़ा होता है?
नहीं, यह परिवार, समाज सेवा, कला, शिक्षा या किसी भी अर्थपूर्ण कार्य से जुड़ा हो सकता है.
Q4. क्या IKIGAI समय के साथ बदल सकता है?
हां, उम्र, अनुभव और जीवन की परिस्थितियों के अनुसार व्यक्ति का IKIGAI बदल सकता है.
Q5. IKIGAI खोजने का सबसे आसान तरीका क्या है?
अपनी रुचि, क्षमता, समाज की जरूरत और आय के अवसर इन चार पहलुओं पर ईमानदारी से विचार करना IKIGAI खोजने की शुरुआत मानी जाती है.
यह भी पढ़ें: समंदर में फैला वायरस का आतंक! लग्जरी क्रूज पर नोरोवायरस से 100 से ज्यादा लोग संक्रमित, जानिए यह कितना खतरनाक

News Nation