Surat में Sunday Off की मांग पर 500 कढ़ाई कर्मचारियों ने किया अमरोली में प्रदर्शन
गुजरात में सूरत के अमरोली इलाके में कपड़ा कढ़ाई इकाइयों के करीब 500 कर्मचारियों ने सप्ताह में एक दिन, खासकर रविवार को अवकाश देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने बाद में प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया। पुलिस उपायुक्त (जोन-5) एल ए झाला ने कहा कि अमरोली और आसपास की कढ़ाई इकाइयों में काम करने वाले कर्मचारियों ने चौराहे पर एकत्र होकर सप्ताह में कम से कम एक दिन अवकाश देने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
यह चौराहा मजदूरों के लिए एक आम मिलन स्थल है, जहां कई चाय और नाश्ते की दुकानें हैं। झाला ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया और लोगों को स्थिति समझाने के बाद भीड़ को वहां से हटा दिया गया।
आंसू गैस छोड़ने या लाठीचार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ी।’’ उन्होंने कहा कि अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है। पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘हमने घटना की जानकारी श्रम विभाग को दे दी है, ताकि लागू नियमों और नीतियों के अनुसार कर्मचारियों की मांगों पर विचार किया जा सके।’’ एक कर्मचारी आनंद पाल ने कहा कि कढ़ाई इकाइयों में काम करने वाले कर्मचारियों को पूरे सप्ताह काम करने के बावजूद एक दिन का साप्ताहिक अवकाश भी नहीं दिया जा रहा है। पाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस इलाके के सभी कर्मचारी साप्ताहिक अवकाश की मांग को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं।
कम से कम रविवार को एक दिन की छुट्टी होनी चाहिए। इन कर्मचारियों की मांग जायज है।
Tejashwi Yadav ने Bihar में परीक्षा पेपर लीक पर साधा निशाना, 19 अगस्त को राजभवन मार्च का ऐलान
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार में ‘‘बिगड़ती’’ कानून-व्यवस्था को लेकर रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नीत सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि राज्य ‘‘परीक्षा प्रश्नपत्र लीक की राजधानी बनता जा रहा है।’’ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यादव ने कहा कि 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं सहित प्रतियोगी परीक्षाएं अनियमितताओं और प्रश्नपत्र लीक से प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बिहार परीक्षा प्रश्नपत्र लीक की राजधानी बनता जा रहा है। यहां कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है।’’ यादव ने आरोप लगाया, ‘‘जब छात्र प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ प्रदर्शन करते हैं, तो उन्हें पीटा जाता है और उन पर लाठीचार्ज किया जाता है।
राज्य में आंदोलन कर रहे छात्रों के खिलाफ एके-47 राइफल का भी इस्तेमाल किया गया।’’ उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन के घटक दल पिछले महीने सीवान में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कथित तौर पर एके-47 के इस्तेमाल के मुद्दे को लेकर 19 अगस्त को पटना में लोक भवन तक मार्च निकालेंगे। यादव ने कहा कि महागठबंधन के नेता सीवान की घटना को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे। राजद नेता ने कहा कि इस घटना के लिए एक सिपाही को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ एके-47 के इस्तेमाल का आदेश देने वाले वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों ने नीट प्रश्नपत्र लीक की घटना और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में 25 जुलाई को बिहार बंद के समर्थन में कई जिलों में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कई जगहों पर सुरक्षा बल के साथ उनकी झड़प हुई।
बिहार बंद के दौरान पटना, सारण, सीवान, औरंगाबाद, भागलपुर, सीतामढ़ी, पूर्णिया और भोजपुर में प्रदर्शन हिंसक हो गए थे, जबकि समस्तीपुर, नवादा, नालंदा, मधुबनी और शेखपुरा में हल्के-फुल्के प्रदर्शन हुए थे। पुलिस ने इससे पूर्व उस सिपाही को निलंबित कर दिया था, जिस पर सीवान में प्रदर्शन के दौरान एके-47 हथियार का इस्तेमाल करने का आरोप था।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









