भारत और इंग्लैंड के बीच बुधवार से शुरू हो रही 5 मैचों की टी20 सीरीज से पहले 15 साल के भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी चर्चा का सबसे बड़ा विषय बने हुए। भले ही उनके अंतरराष्ट्रीय डेब्यू पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन इंग्लैंड की टीम ने वैभव से निपटने की पूरी तैयारी कर ली। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने साफ कहा है कि उनकी टीम ने वैभव के खिलाफ खास रणनीति तैयार की है।
चेस्टर-ले-स्ट्रीट में पहले टी20 मुकाबले से पहले ब्रूक ने कहा कि भारतीय टीम के खिलाफ खेलने से पहले इंग्लैंड ने खिलाड़ियों की खूब पड़ताल की है। खास तौर पर वैभव सूर्यवंशी को लेकर टीम ने पर्दे के पीछे काफी मेहनत की है।
वैभव के खिलाफ हमारी रणनीति तैयार: ब्रूक ब्रूक ने कहा, 'हमने अपनी रणनीति तैयार कर ली है और उम्मीद है कि वह काम करेगी। हमने काफी रिसर्च की है ताकि यह समझ सकें कि भारतीय बल्लेबाजों को उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने से कैसे रोका जाए।'
वैभव के डेब्यू पर तस्वीर साफ नहीं अभी तक यह साफ नहीं है कि वैभव पहले टी20 में भारत की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे या नहीं। भारतीय टीम प्रबंधन पहले ही संकेत दे चुका है कि युवा बल्लेबाज को डेब्यू के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता। बावजूद इसके इंग्लैंड कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं है।
वैभव ने आईपीएल में 776 रन ठोके थे दरअसल, वैभव ने आईपीएल 2026 में अपने आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज से क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया था। बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने पूरे सीजन में 776 रन बनाए और 230 से अधिक के विस्फोटक स्ट्राइक रेट के साथ टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर और इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन का पुरस्कार भी मिला था।
आईपीएल के दम पर वैभव को मिली टीम इंडिया में एंट्री इसी प्रदर्शन के दम पर वैभव को भारतीय टी20 टीम में जगह मिली। अब अगर उन्हें इंग्लैंड दौरे पर डेब्यू का मौका मिलता है तो वह भारत के मेंस क्रिकेट इतिहास के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बन जाएंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है, जिन्होंने 16 साल की उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था।
ब्रूक की साख भी लगी दांव पर वहीं हैरी ब्रूक के लिए भी यह सीरीज बेहद अहम मानी जा रही। बेन स्टोक्स के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद ब्रूक को इंग्लैंड का अगला टेस्ट कप्तान बनने का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। ऐसे में भारत के खिलाफ यह टी20 सीरीज उनके नेतृत्व की भी बड़ी परीक्षा होगी।
अब सबकी नजरें पहले टी20 मुकाबले पर टिकी हैं। क्रिकेट प्रशंसकों की सबसे बड़ी उत्सुकता यही है कि क्या वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू कैप मिलेगी या फिर उन्हें अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा।