Balochistan में सुरक्षा बलों ने 7 आतंकी मार गिराए, दो महिलाओं की हत्या
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को आतंकवादी हमले में सिंध के एक परिवार की दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दो अलग-अलग कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने सात आतंकवादियों को मार गिराया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के अनुसार, प्रांत के खारान जिले में एक अभियान के दौरान ये आतंकवादी मारे गए, जबकि कई अन्य आतंकवादी घायल हुए।
आईएसपीआर ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद शनिवार रात खारान के लाजे इलाके में अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रतिबंधित संगठन ‘फितना अल-खवारिज’ से जुड़े सात आतंकवादी मारे गए। ‘खवारिज’ शब्द का इस्तेमाल पाकिस्तानी सरकार प्रतिबंधित संगठनों के लिए करती है।
बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों का यह अभियान छह जुलाई को जियारत में मांगी बांध पंपिंग स्टेशन पर पुलिस चौकी पर हुए घातक हमले के बाद शुरू हुआ था। हथियारबंद हमलावरों ने 27 पुलिसकर्मियों का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी थी। आईएसपीआर ने 12 अगस्त को बताया था कि प्रांत में एक वाहन में लगाया गया विस्फोटक उपकरण तैयार किए जाने के दौरान समय से पहले फट गया था।
इसके बाद चलाए गए सुरक्षा अभियान में 21 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 18 आतंकवादी शामिल थे। इससे पहले नौ और 10 अगस्त को दो दिनों के दौरान प्रांत में 20 आतंकवादी मारे गए थे। शनिवार को हुए एक अन्य आतंकवादी घटना में शनिवार को बलूचिस्तान के दौरे पर गया कराची का एक परिवार प्रांत के किला अब्दुल्ला जिले के आदिवासी इलाके सेगी में हमले की चपेट में आ गया।
यह परिवार कारोबारी सिलसिले में बलूचिस्तान गया था।
Hungary में बस दुर्घटना: 12 Polish पर्यटकों की मौत, 10 अन्य गंभीर रूप से घायल
हंगरी में रविवार तड़के राजमार्ग पर जा रही एक यात्री बस सड़क से फिसल कर खाई में गिर गई जिससे 12 लोगों की मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पोलैंड के पर्यटकों के एक समूह को ले जा रही बस रविवार देर रात करीब एक बजे हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट से लगभग 140 किलोमीटर पूर्व में एम3 मोटरवे पर मेजोकेरेज्त्स शहर के पास पूर्व की ओर जाने वाली सड़क पर पलट गई।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसा संभवत: चालक को नींद आ जाने के कारण हुआ। उसने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है। हंगरी के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन निदेशालय ने बताया कि हादसे के समय बस में 57 यात्री और दो चालक सवार थे।
बस पलटने के बाद कई यात्री उसके नीचे फंस गए थे। पोलैंड के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैसिएज वेवियर ने रविवार को पोलिश समाचार एजेंसी पीएपी को बताया कि बस में सवार सभी लोग पोलैंड के नागरिक थे। हंगरी के प्रधानमंत्री पीटर मग्यार ने फेसबुक पर एक बयान में कहा कि हादसे में कम से कम 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घटनास्थल पर भेजे गए बचावकर्मियों का आभार जताया। पोलैंड के राष्ट्रपति कारोल नावरोकी ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा मैं पीड़ितों के परिवारों और उनके चाहने वालों के साथ प्रार्थना और गहरी संवेदना में शामिल हूं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










