Women's T20 World cup 2026: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला टी20 वर्ल्ड कप का मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि टीम इंडिया के लिए करो या मरो की लड़ाई है। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम की सेमीफाइनल की किस्मत लॉर्ड्स में तय होगी। जीत मिली तो भारत अंतिम-4 में पहुंच जाएगा, लेकिन हार से समीकरण पूरी तरह बदल जाएंगे।
ग्रुप स्टेज में दक्षिण अफ्रीका से मिली हार ने भारत की राह मुश्किल कर दी है। ऑस्ट्रेलिया 4 मैच में 8 अंकों और +4.724 के शानदार नेट रन रेट के साथ लगभग सेमीफाइनल में पहुंच चुका। दूसरी ओर भारत (+2.268) और दक्षिण अफ्रीका (+0.734) के बीच दूसरे सेमीफाइनल टिकट की लड़ाई है।
भारत कैसे करेगा क्वालिफाई? भारत के लिए सबसे आसान रास्ता ऑस्ट्रेलिया को हराना है। अगर टीम इंडिया जीत दर्ज करती है तो उसके 8 अंक हो जाएंगे और नेट रन रेट भी बेहतर हो जाएगा। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका अगर बांग्लादेश को हरा भी देता है, तब भी भारत के बेहतर नेट रन रेट के कारण उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना सबसे ज्यादा रहेगी।
अगर भारत हार गया तो... अगर भारत ऑस्ट्रेलिया से हार जाता है तो उसे बांग्लादेश से बड़ी उम्मीद करनी होगी। भारत तभी सेमीफाइनल में पहुंच सकता है, जब बांग्लादेश दक्षिण अफ्रीका को हराकर बड़ा उलटफेर करे। ऐसी स्थिति में बेहतर नेट रन रेट वाली टीम अंतिम-4 में जगह बनाएगी।
मैच से पहले उपकप्तान स्मृति मंधाना ने साफ कर दिया कि टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आक्रामक क्रिकेट खेलेगी। उन्होंने कहा कि यह बड़ा मुकाबला है और पूरी बल्लेबाजी इकाई सकारात्मक सोच के साथ मैदान पर उतरेगी। हालांकि मंधाना ने माना कि इस टूर्नामेंट में भारतीय बल्लेबाज अपनी पूरी क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि टीम मीटिंग में लगातार इस बात पर चर्चा हुई है कि बल्लेबाजों को शुरुआत से ही इरादे के साथ खेलना होगा।
मंधाना ने यह भी कहा कि पिछले चार-पांच सालों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का प्रदर्शन काफी बेहतर हुआ है। पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप में मिली यादगार जीत टीम का आत्मविश्वास बढ़ाती है। उन्होंने महिला प्रीमियर लीग (WPL) का भी जिक्र करते हुए कहा कि इस टूर्नामेंट ने भारतीय खिलाड़ियों को बड़े मुकाबलों का दबाव झेलना सिखाया है।
अब सबकी नजरें लॉर्ड्स पर टिकी हैं। अगर भारत अपनी गलतियों से सबक लेकर ऑस्ट्रेलिया को हरा देता है तो सेमीफाइनल का टिकट लगभग तय होगा। लेकिन हार की स्थिति में टीम इंडिया को अपनी किस्मत के लिए बांग्लादेश पर निर्भर रहना पड़ेगा।