हिंसा के कारण हैती में हजारों बेघर, जरूरी सेवाएं भी बाधित: यूएन
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय सहायता अधिकारियों ने कहा है कि हैती के कई क्षेत्रों में प्रतिद्वंद्वी धड़ों के बीच बढ़ती सशस्त्र झड़पों के कारण हजारों लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं. संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (ओसीएचए) ने शुक्रवार (स्थानीय समयानुसार) को बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) के अनुसार पिछले सप्ताह आर्टिबोनाइट विभाग में 2,600 से अधिक लोग विस्थापित हुए. इनमें से तीन-चौथाई से अधिक लोगों ने मार्चांद डेसालिन्स कम्यून में शरण ली.
आर्टिबोनाइट और वेस्ट विभाग में भारी विस्थापन
ओसीएचए ने कहा, "आर्टिबोनाइट विभाग में लगातार जारी हिंसा लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर रही है."आईओएम के अनुसार, हैती के वेस्ट विभाग में 13 जून से सिटे सोलेइल में फिर से शुरू हुई सशस्त्र झड़पों के कारण 5,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं. इससे पहले मार्च से मई के बीच भी सशस्त्र हिंसा से बचने के लिए हजारों लोग अपने घर छोड़ चुके थे.
स्वास्थ्य और मातृ सेवाओं पर गंभीर असर
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, ओसीएचए ने कहा कि लगातार जारी हिंसा के कारण स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं, विशेषकर महिलाओं और लड़कियों के लिए.
हिंसा के चलते गैर-सरकारी संगठन डॉक्टर्स विदआउट बॉर्डर्स (एमएसएफ) को 19 जून को सिटे सोलेइल स्थित अपने मातृत्व केंद्र की सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ीं. इसके कारण पोर्ट- ओ-प्रिंस के सबसे घनी आबादी वाले इलाकों में से एक में रहने वाली हजारों महिलाओं की मातृ एवं प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बाधित हो गई है. इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज के लिए आने वाले घायल लोगों की संख्या भी बढ़ी है.
जबरन वापसी और प्रवासियों का संकट
आईओएम के अनुसार, पिछले महीने 25,500 से अधिक लोगों को जबरन वापस भेजा गया, जिससे इस वर्ष अब तक जबरन लौटाए गए लोगों की कुल संख्या 1,17,000 से अधिक हो गई है. इनमें 24 प्रतिशत महिलाएं और लगभग 8 प्रतिशत बच्चे हैं.
यह भी पढ़ें:'हिंसा का जवाब उसी भाषा में दिया जाएगा', अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान को दी कड़ी चेतावनी
राहत कार्यों में बाधा और फंड की भारी कमी
ओसीएचए ने कहा कि पहुंच संबंधी गंभीर बाधाओं के बावजूद वह अपने मानवीय सहयोगी संगठनों के साथ मिलकर जरूरतों का आकलन करने और प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने का काम जारी रखे हुए है. उसने यह भी बताया कि वर्ष 2026 के लिए हैती की 88 करोड़ अमेरिकी डॉलर की मानवीय सहायता अपील को अब तक केवल 27 प्रतिशत ही वित्तीय सहायता मिल पाई है.
स्रोत--आईएएनएस
डिस्कलेमर- हेडिंग, सबहेड और समरी को छोड़कर पूरी स्टोरी न्यूज एजेंसी IANS की है.
Venezuela: भूकंप से तबाह ला गुआइरा में सेना ने संभाली कमान, राहत कार्य तेज
वेनेजुएला में बुधवार को आए दो शक्तिशाली भूकंपों से ज्यादा तबाही ला गुआइरा में हुई है. हालात इतने खराब हैं कि राहत और बचाव कार्यों के लिए सेना को तैनात करना पड़ा है. नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सैन्य तैनाती की गई है.
ला गुआइरा में सैन्य नियंत्रण का फैसला
स्थानीय समयानुसार शुक्रवार को टेलीविजन पर प्रसारित एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान रोड्रिगेज ने कहा, "हम सभी को बताना चाहते हैं कि ला गुआइरा राज्य अब पूरी तरह सैन्य नियंत्रण में है और बोलिवेरियन नेशनल आर्म्ड फोर्सेज के पूर्ण नियंत्रण में काम कर रहा है."
रोड्रिगेज ने बताया कि कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने, आंतरिक व्यवस्था बनाए रखने तथा वेनेजुएला के आपातकालीन बचावकर्मियों और अंतरराष्ट्रीय राहत टीमों के अभियान को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए यह कदम उठाने का निर्देश दिया है.
सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य जारी
समाचार एजेंसी सिंहुआ के अनुसार, उन्होंने बताया कि बचावकर्मियों का अधिकांश दल काराबायेडा, माकुतो, लॉस कोरालेस और कैटिया ला मार क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है. ये सभी इलाके भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं.
रोड्रिगेज ने लोगों से अपील की कि वे ला गुआइरा की यात्रा न करें, ताकि निकासी मार्गों और बचाव दलों तथा राहत सामग्री ले जाने वाले रास्तों पर अनावश्यक भीड़ न हो.
राहत सामग्री दान करने और सहयोग की अपील
उन्होंने वेनेजुएला के नागरिकों से काराकास में स्थापित संग्रह केंद्रों के माध्यम से पानी, खाद्य सामग्री, गद्दे, कपड़े, कंबल, हल्के एवं भारी उपकरण तथा अर्थमूविंग मशीनों सहित आवश्यक राहत सामग्री दान करने की भी अपील की.
उन्होंने हजारों स्वयंसेवकों, सरकारी अधिकारियों और बचाव संगठनों को प्रभावित लोगों की जान बचाने और उनकी सहायता के लिए किए जा रहे अथक प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया.
अंतर्राष्ट्रीय मदद का आगमन
बुधवार के विनाशकारी भूकंपों के बाद पीड़ितों की सहायता और शुरुआती पुनर्वास कार्यों के लिए एक दर्जन से अधिक देशों से तकनीकी और मानवीय सहायता वेनेजुएला पहुंचनी शुरू हो गई है.
गुरुवार से भारत, डोमिनिकन गणराज्य, अल सल्वाडोर, कोलंबिया, मेक्सिको, चिली, इक्वाडोर, स्पेन, जर्मनी, स्विट्जरलैंड, कतर और संयुक्त राष्ट्र प्रणाली की ओर से बचाव दल और विशेष उपकरण वेनेजुएला पहुंच चुके हैं.
जान-माल का भारी नुकसान
शनिवार सुबह तक की आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, वेनेजुएला में अब तक 920 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3,360 से अधिक लोग घायल हुए हैं. इस आपदा से देश के मध्य तटीय क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है.
स्रोत--आईएएनएस
डिस्कलेमर- हेडिंग, सबहेड और समरी को छोड़कर पूरी स्टोरी न्यूज एजेंसी IANS की है.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation