झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शानदार अवसर सामने आया है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता (MPW), कनिष्ठ क्षेत्रीय अन्वेषक, पशु चिकित्सा सहायक, कीट संग्राहक और मत्स्य पालन तकनीकी सहायक समेत विभिन्न पदों पर कुल 326 रिक्तियों के लिए भर्ती अधिसूचना जारी की है। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित तिथि से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई 2026 से शुरू होगी। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 18 से 35 वर्ष तक के अभ्यर्थी आवेदन करने के पात्र होंगे। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट भी प्रदान की जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता
अधिकांश पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से विज्ञान विषय के साथ 12वीं (इंटरमीडिएट) उत्तीर्ण होना आवश्यक है। स्वास्थ्य पर्यवेक्षक और बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता (MPW) पदों के लिए विज्ञान विषय के साथ 12वीं पास होना जरूरी है। वहीं, कनिष्ठ क्षेत्रीय अन्वेषक पद के लिए गणित विषय के साथ 12वीं उत्तीर्ण होना चाहिए। मत्स्य पालन तकनीकी सहायक, कीट संग्राहक और पशु चिकित्सा सहायक पदों के लिए जीव विज्ञान या लाइफ साइंस विषय की योग्यता निर्धारित की गई है।
आवेदन शुल्क
सामान्य वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के उम्मीदवारों को 100 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। झारखंड के अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 50 रुपये निर्धारित किया गया है। राज्य के 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से पूर्ण छूट दी गई है।
वेतनमान
चयनित उम्मीदवारों को पदानुसार 5,200 रुपये से 20,200 रुपये तक के वेतनमान के साथ ग्रेड पे का लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य पर्यवेक्षक पद पर सबसे अधिक ग्रेड पे 2,400 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि अन्य पदों पर 1,800 रुपये से 2,000 रुपये तक का ग्रेड पे मिलेगा।
यह भर्ती 12वीं पास युवाओं के लिए सरकारी क्षेत्र में करियर बनाने का सुनहरा मौका है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन शुरू होने से पहले आधिकारिक अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें।
वैभव सूर्यवंशी के फैंस उनके इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं. ये खिलाड़ी आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में खेलेगा या नहीं ये अबतक साफ नहीं हुआ है. हालांकि उनके डेब्यू से पहले पूर्व दिग्गज खिलाड़ी राहुल द्रविड़ ने बड़ा बयान दिया है. Fri, 26 Jun 2026 15:41:47 +0530