Self Driving Car: शाओमी Xiaomi YU7 GT ने रचा इतिहास! बिना ड्राइवर के सबसे मुश्किल रेस ट्रैक पर दौड़ी
Self Driving Car: क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि कोई कार बिना ड्राइवर के दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण रेस ट्रैक पर 300 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ जाए? यह किसी साइंस-फिक्शन फिल्म की कहानी नहीं, बल्कि हकीकत है। ऑटोनॉमस ड्राइविंग तकनीक के क्षेत्र में चीन की टेक कंपनी शाओमी (Xiaomi) ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी की नई इलेक्ट्रिक SUV Xiaomi YU7 GT ने जर्मनी के प्रसिद्ध नर्बर्गरिंग (Nürburgring) नॉर्डश्लाइफे रेस ट्रैक पर बिना किसी ड्राइवर के सफलतापूर्वक पूरा लैप पूरा किया। इस उपलब्धि को सेल्फ-ड्राइविंग तकनीक के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दुनिया के सबसे कठिन रेस ट्रैक पर टेस्ट
नर्बर्गरिंग को दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण रेस ट्रैकों में शामिल किया जाता है। करीब 20.8 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक में 70 से अधिक तीखे मोड़, ऊंचाई में बदलाव और हाई-स्पीड सेक्शन मौजूद हैं। ऐसे ट्रैक पर अनुभवी रेस ड्राइवरों के लिए भी वाहन नियंत्रित करना आसान नहीं होता। इसी ट्रैक पर Xiaomi YU7 GT ने बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के अपनी परफॉर्मेंस दिखाई और ऑटोनॉमस ड्राइविंग सिस्टम की कैपेसिटी को साबित किया।
10 मिनट 29 सेकंड में पूरा किया लैप
कंपनी के अनुसार YU7 GT ने नर्बर्गरिंग ट्रैक का लैप 10 मिनट 29.483 सेकंड में पूरा किया। हालांकि यह समय किसी पेशेवर चालक द्वारा हासिल किए गए समय से अधिक है, लेकिन पूरी तरह स्वायत्त तकनीक के भरोसे यह प्रदर्शन अपने आप में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस टेस्ट से मिले डेटा के आधार पर Xiaomi भविष्य में अपने सेल्फ-ड्राइविंग सॉफ्टवेयर को और अधिक सटीक तथा सुरक्षित बनाएगी।
1,003 हॉर्सपावर की ताकत
शाओमी YU7 GT को हाई-परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक SUV के रूप में विकसित किया गया है। इसमें 101.7kWh की टर्नरी लिथियम बैटरी और 897-वोल्ट सिलिकॉन कार्बाइड इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर दिया गया है। इस SUV में कंपनी का Super Motor V8s EVO मोटर लगाया गया है, जो अधिकतम 1,003 हॉर्सपावर की शक्ति उत्पन्न करता है। यही वजह है कि यह वाहन शानदार प्रदर्शन करने में सक्षम है।
2.92 सेकंड में 100 किमी/घंटा की स्पीड
परफॉर्मेंस के मामले में YU7 GT किसी सुपरकार से कम नहीं है। यह SUV महज 2.92 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार हासिल कर सकती है। इसकी अधिकतम गति लगभग 300 किमी प्रति घंटा बताई गई है। लगातार हाई-स्पीड ड्राइविंग के दौरान बेहतर प्रदर्शन बनाए रखने के लिए इसमें उन्नत कूलिंग सिस्टम भी दिया गया है, जो बैटरी और मोटर के तापमान को नियंत्रित रखता है।
रेंज और चार्जिंग में भी दमदार
Xiaomi ने इस इलेक्ट्रिक SUV को केवल परफॉर्मेंस तक सीमित नहीं रखा है। कंपनी के मुताबिक, YU7 GT सिर्फ 15 मिनट की फास्ट चार्जिंग में लगभग 570 किलोमीटर तक की अतिरिक्त रेंज प्रदान कर सकती है।वहीं एक बार फुल चार्ज होने पर इसकी CLTC प्रमाणित रेंज 705 किलोमीटर तक पहुंच जाती है, जो इसे लंबी दूरी की यात्रा के लिए भी उपयुक्त बनाती है।
तकनीकी विशेषज्ञों के मन में उठ रहे सवाल
हालांकि यह उपलब्धि काफी प्रभावशाली है, लेकिन कुछ सवाल अभी भी बने हुए हैं। Xiaomi ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि परीक्षण के दौरान वाहन को ट्रैक का पूरा नक्शा पहले से फीड किया गया था या फिर उसने वास्तविक समय में सेंसर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से ट्रैक को नेविगेट किया। इसके बावजूद एक्सपर्ट्स का मानना है कि नर्बर्गरिंग जैसे कठिन ट्रैक पर बिना ड्राइवर के सफल लैप पूरा करना ऑटोनॉमस ड्राइविंग तकनीक के भविष्य के लिए बेहद पॉजिटिव है।
(मंजू कुमारी)
यूपी में संपत्ति रजिस्ट्री के नए नियम: पहचान के लिए आधार अनिवार्य, रिश्तों की पहचान और बाकी चीजों के लिए ये नए 5 Rules जान लें
New rules for property registration in UP: उत्तर प्रदेश सरकार ने संपत्ति रजिस्ट्रेशन, सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में कानूनी जटिलताओं से बचने के लिए आधिकारिक मूल्यांकन के दौरान इन 5 नियमों का पालन अनिवार्य किया है
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi
Moneycontrol