PM Narendra Modi के विजन का CII और ASSOCHAM ने समर्थन किया, विनिर्माण पर दिया जोर
उद्योग जगत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वतंतत्रा दिवस समारोह में किए गए संबोधन को लेकर शनिवार को कहा कि वह निवेश, रोजगार, नवाचार और विनिर्माण को बढ़ावा देने के मकसद से मोदी की घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने कहा, ‘‘हम आजादी के 80 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं, ऐसे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन लोगों, सतत विकास और भारत की वैश्विक ताकतों को विकास यात्रा के केंद्र में रखता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल का उनका आह्वान आत्मनिर्भर तथा भविष्य के लिए तैयार राष्ट्र के निर्माण के हमारे बढ़ते आत्मविश्वास को दर्शाता है। भारत एक दशक से कुछ अधिक समय में ‘फ्रेजाइल फाइव’ देशों में शामिल होने से दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बन गया है।’’ बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री की इस गति को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता में उद्योग उनके साथ है और रणनीतिक महत्व वाले क्षेत्रों में निरंतर निवेश के माध्यम से इसे गति देने को तैयार है।
उन्होंने कृषि और खाद्य प्रसंस्करण को बड़े अवसर वाला क्षेत्र बताते हुए कहा कि मुक्त व्यापार समझौतों के जरिये बाजार पहुंच बढ़ने के साथ भारत को अपने कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाना चाहिए। बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री का परमाणु ऊर्जा, सेमीकंडक्टर तथा हरित और नीली अर्थव्यवस्था (समुद्री अर्थव्यवस्था) पर जोर इस बात के संकेत देता है कि भारत के विकास का अगला दशक किन क्षेत्रों से आएगा। भारत की ‘सॉफ्ट पावर’ को मिली मान्यता से वैश्विक आर्थिक उपस्थिति को भी नया आयाम मिला है।
प्रधानमंत्री ने अपने करीब 75 मिनट के संबोधन में देश को आगे बढ़ाने और 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए ‘सप्त धारा’ के तहत विनिर्माण, ऊर्जा, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार, गतिशक्ति, रक्षा शक्ति, हरित एवं नीली अर्थव्यवस्था तथा सॉफ्ट पावर पर जोर दिया। एसोचैम के अध्यक्ष निर्मल कुमार मिंडा ने कहा कि ‘सप्त धारा’ का ढांचा समावेशी, टिकाऊ और तेज विकास के लिए व्यापक दृष्टिकोण प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता, वोकल फॉर लोकल, घरेलू विनिर्माण और रणनीतिक क्षमताओं पर जोर आर्थिक मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
मिंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री का स्वतंत्रता दिवस पर रखा गया विकास का दृष्टिकोण भारतीय उद्योग और व्यापक कारोबारी समुदाय में मजबूत भरोसा पैदा करता है।
भारत-श्रीलंका 1st Test का बदला टाइम, दूसरे दिन इस समय पर शुरू होगा मैच, देखिए पहले दिन का पूरा स्कोरकार्ड
भारत और श्रीलंका के बीच गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट का दूसरा दिन रविवार, 16 अगस्त को तय समय से पहले शुरू होगा। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, दूसरे दिन का खेल भारतीय समय के अनुसार सुबह 9:45 बजे शुरू किया जाएगा। भारत और श्रीलंका के समय में कोई अंतर नहीं है, इसलिए गॉल में मैच शुरू होने का समय भारत में भी यही रहेगा। पहले दिन बारिश और खराब रोशनी की वजह से मुकाबला तय समय तक नहीं चल सका। ऐसे में दूसरे दिन अतिरिक्त समय निकालकर ज्यादा खेल कराने की कोशिश की जाएगी।
जानकारी दे दें कि पहले दिन भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी और शुरुआत से ही श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाया। 73 ओवर के बाद भारतीय टीम ने 2 विकेट पर 288 रन बना लिए थे। देवदत्त पडिक्कल 131 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि ऋषभ पंत 27 रन पर उनका साथ दे रहे हैं। इस स्थिति में दूसरे दिन भारत की नजर तेजी से स्कोर बढ़ाने पर होगी, वहीं श्रीलंका जल्द विकेट लेकर मुकाबले में वापसी करना चाहेगा।
जानिए ज्यादा ओवर क्यों कराए जाएंगे?
पहले दिन बारिश और खराब रोशनी के कारण सिर्फ 73 ओवर ही फेंके जा सके। आम तौर पर टेस्ट मैच में एक दिन करीब 90 ओवर का खेल कराने का लक्ष्य रहता है। ऐसे में पहले दिन के छूटे हुए ओवरों की कुछ भरपाई दूसरे दिन की जा सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दूसरे दिन 98 ओवर तक कराने की संभावना है। यानी सामान्य दिन की तुलना में करीब आठ ओवर ज्यादा खेले जा सकते हैं।
इस बदलाव का सीधा असर मुकाबले की रणनीति पर भी पड़ेगा। भारत इस समय काफी मजबूत स्थिति में है और उसके पास पिच पर दो सेट बल्लेबाज मौजूद हैं। देवदत्त पडिक्कल ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया है और 131 रन पर नाबाद हैं। वहीं ऋषभ पंत भी 27 रन बनाकर क्रीज पर हैं। अगर दोनों शुरुआती सत्र में अच्छी साझेदारी करते हैं तो भारत बड़ा स्कोर खड़ा करने की स्थिति में पहुंच सकता है। श्रीलंका के लिए दूसरे दिन का शुरुआती सत्र बेहद अहम होगा। गॉल की पिच पर जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद रहती है। इसलिए मेजबान टीम जल्दी विकेट लेने की कोशिश करेगी, ताकि भारत को 400 रन के पार जाने से पहले रोका जा सके।
भारत का पहला दिन रहा शानदार
पहले दिन भारत की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी कहानी देवदत्त पडिक्कल का शतक रही। नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे पडिक्कल ने शानदार धैर्य दिखाया और दिन का खेल खत्म होने तक 131 रन बनाकर नाबाद रहे। यह उनके टेस्ट करियर का पहला शतक है। उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में लंबे समय तक क्रीज पर टिककर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इससे पहले यशस्वी जायसवाल 32 रन बनाकर रन आउट हुए, जबकि कप्तान शुभमन गिल 16 रन बनाकर प्रभात जयसूर्या की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद केएल राहुल और पडिक्कल ने पारी को संभाला। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हुई और भारत का स्कोर तेजी से आगे बढ़ा। राहुल 77 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए। उन्हें हाथ-पैरों में ऐंठन की परेशानी हुई थी, लेकिन भारतीय टीम की ओर से बाद में बताया गया कि यह गंभीर चोट नहीं है और वह अब ठीक हैं।
राहुल के मैदान से बाहर जाने के बाद ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए आए और दिन का खेल खत्म होने तक 27 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के पास अभी भी कई प्रमुख बल्लेबाज बाकी हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi
Mp Breaking News







