Women's T20 World Cup: श्रेयंका पाटिल वर्ल्ड कप से आउट, 2 साल में तीसरी बार चोटिल, किसने किया रिप्लेस?
Women's T20 World Cup 2026: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार 2 जीत के साथ शानदार शुरुआत करने वाली भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा। ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच के दौरान उनका टखना मुड़ गया था, जिसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा था। उनकी जगह लेग स्पिनर प्रेमा रावत को टीम में शामिल किया गया।
यह घटना बुधवार को नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले में हुई थी। दूसरी पारी के छठे ओवर में श्रेयंका गेंदबाजी करने आई थीं। ओवर की पहली ही गेंद पर बल्लेबाज ने शॉट मिड-ऑन की दिशा में खेला था। गेंद रोकने की कोशिश में श्रेयंका का पैर मुड़ गया था और वह मैदान पर ही गिर पड़ीं।
श्रेयंका टी20 विश्व कप से बाहर
चोट लगते ही भारतीय टीम के फिजियो मैदान पर पहुंचे और उनका इलाज किया। उनके पैर पर पट्टी भी बांधी गई। लेकिन वह खड़ी नहीं हो सकीं थीं। आखिरकार उन्हें स्ट्रेचर की मदद से मैदान से बाहर ले जाना पड़ा था। इसके बाद साफ हो गया कि चोट गंभीर है।
2 साल में तीसरी बार चोटिल हुईं
पिछले दो साल में यह तीसरी बार है, जब चोट ने श्रेयंका के करियर की रफ्तार पर ब्रेक लगाया। जुलाई 2024 में उंगली टूटने के कारण वह महिला टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गई थीं। इसके बाद फरवरी 2025 में पिंडली की चोट के चलते वह महिला प्रीमियर लीग से भी बाहर रहीं। अब टखने की चोट के कारण उन्हें एक और बड़े टूर्नामेंट से हटना पड़ा।
हालांकि बार-बार चोटिल होने के बावजूद श्रेयंका ने शानदार वापसी भी की है। 2025 में उन्होंने विमेंस कैरेबियन प्रीमियर लीग के जरिए मैदान पर वापसी की थी। इसके बाद 2026 में वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की उस टीम का हिस्सा रहीं, जिसने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर विमेंस आईपीए का खिताब जीता।
कौन हैं प्रेमा रावत?
श्रेयंका की जगह टीम में शामिल की गईं प्रेमा रावत पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के करीब पहुंच गई। प्रेमा भी 2026 में खिताब जीतने वाली आरसीबी टीम का हिस्सा थीं। इसके अलावा उन्होंने इस साल विमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में पांच मैचों में 8 विकेट लेकर प्रभावित किया था।
भारतीय टीम फिलहाल शानदार फॉर्म में है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम पाकिस्तान और नीदरलैंड्स को हराकर अपने पहले दोनों मैच जीत चुकी है। भारत का अगला मुकाबला 21 जून को मैनचेस्टर में दक्षिण अफ्रीका से होगा, जहां टीम जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी।
Slapgate Controversy: 'हिम्मत है तो रिंग में आओ...' श्रीसंत की हरभजन सिंह को खुली चुनौती, फिर चर्चा में 'स्लैपगेट' विवाद
Slapgate Controversy: आईपीएल 2008 का चर्चित 'स्लैपगेट' (थप्पड़कांड) विवाद एक बार फिर चर्चा में है। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत ने हरभजन सिंह को खुलेआम बॉक्सिंग रिंग में उतरने की चुनौती दे दी। उन्होंने कहा कि अगर हरभजन में हिम्मत है तो सामने आकर मुकाबला करें।
यह वही विवाद है जिसने आईपीएल के शुरुआती दिनों में खूब सुर्खियां बटोरी थीं। किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) और मुंबई इंडियंस के मैच के बाद हरभजन सिंह ने मैदान पर श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था। घटना के बाद श्रीसंत रोते हुए नजर आए थे और मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया था।
श्रीसंत ने हरभजन को दी चुनौती
समय के साथ ऐसा लगा कि दोनों खिलाड़ियों के रिश्तों में आई तल्खी दूर हो गई है। दोनों कई इवेंट्स और विज्ञापनों में साथ दिखे। हरभजन भी कई बार सार्वजनिक तौर पर माफी मांग चुके हैं। लेकिन अब लगता है कि पुरानी कड़वाहट फिर लौट आई। दरअसल, हाल ही में आए एक विज्ञापन से श्रीसंत नाराज हैं। उनका आरोप है कि विज्ञापन में थप्पड़कांड का मजाक बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि हरभजन ने इस विवाद से जुड़े विज्ञापन के जरिए पैसा कमाया, जबकि यह उनके लिए बेहद दर्दनाक याद है।
हाल ही में श्रीसंत 'द लल्लनटॉप' के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। शो के दौरान उनकी और हरभजन की बॉक्सिंग ग्लव्स पहने एक पुरानी तस्वीर दिखाई गई। तस्वीर देखते ही श्रीसंत ने हरभजन को सीधी चुनौती दे डाली।
'मेरे साथ बॉक्सिंग रिंग में उतरे भज्जी'
उन्होंने कहा, 'क्या आप मेरे साथ रिंग में उतर सकते हैं? क्या आपके पास इतनी हिम्मत है? मैं आपको खुली चुनौती दे रहा हूं।'
श्रीसंत ने बताया कि वह इस समय बेयर नकल फाइट लीग से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि अगर हरभजन को अब भी उनसे कोई शिकायत है तो विज्ञापनों और इशारों में बात करने के बजाय रिंग में आकर मुकाबला करें। पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, 'अगर हमारे अंदर आत्मसम्मान है तो बातों से नहीं, मुकाबले से फैसला होना चाहिए। मैं दिल से आपको बुला रहा हूं। आइए और सामना कीजिए।'
अब सबकी नजर हरभजन सिंह पर है। देखना होगा कि वह इस खुली चुनौती पर कोई प्रतिक्रिया देते हैं या चुप्पी साधे रखते हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi