विधानसभा परिसर में सीएम सैनी ने किया योगाभ्यास, बोले- योग भारत की सांस्कृतिक शक्ति का विश्वव्यापी सम्मान
चंडीगढ़, 16 जून (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारी के बीच हरियाणा विधानसभा में योग का विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को विधानसभा परिसर में योगाभ्यास किया और योग के महत्व पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि आज पूरे देश के लिए गर्व का विषय है कि भारत की प्राचीन योग परंपरा को पूरी दुनिया ने अपनाया है।
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए संयुक्त राष्ट्र (यूएनओ) में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव रखा था। प्रधानमंत्री के इस प्रस्ताव का दुनिया भर के देशों ने खुले दिल से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जब यह प्रस्ताव यूएनओ में रखा गया तो पहली ही बार में 170 देशों ने इसका समर्थन किया, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि थी।
सीएम सैनी ने कहा कि इस बार हम सभी 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं और यह गर्व की बात है कि पूरी दुनिया योग से जुड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक प्रस्ताव नहीं था, बल्कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति और उसकी प्राचीन विरासत का वैश्विक सम्मान था।
उन्होंने योग को भारत की सनातन परंपरा का अभिन्न हिस्सा बताते हुए कहा कि इसका उल्लेख श्रीमद्भगवद्गीता में भी मिलता है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा बताए गए कर्मयोग, भक्तियोग और ज्ञानयोग जैसे सिद्धांत आज भी मानव जीवन को सही दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और स्वस्थ बनाने की एक संपूर्ण पद्धति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से दुनिया ने भारत के ऋषि-मुनियों द्वारा दिए गए अमूल्य ज्ञान और विरासत को सम्मान दिया है। आज विश्व के लगभग सभी देश योग दिवस मना रहे हैं, जो भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रतीक है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रतिवर्ष 21 जून को मनाया जाता है। 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र के 177 सदस्यों की ओर से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी।
--आईएएनएस
वीकेयू/डीकेपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
Weather Update: दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार, जानें IMD का अपडेट
Weather News: देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है. राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी के बाद बारिश ने राहत का काम किया है. मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने भी अपनी रफ्तार को पकड़ लिया है. मौसम विभाग के अनुसार, 16 जून को मॉनसून आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ इलाकों में पहुंचने की उम्मीद है. बताया जा रहा है कि आने वाले चार से पांच दिनों के अंदर महाराष्ट्र, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में मॉनसून दस्तक दे सकता है.
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 16 से 21 जून के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई भागों में बरसात होने की संभावना बनी हुई है. हरियाणा और राजस्थान की कई जगहों पर 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने के आसार हैं. वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में बिजली गिरने के साथ तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 18 और 19 जून को जम्मू-कश्मीर के साथ हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में ओलावृष्टि के आसार हैं. इसी तरह से 16 से 20 जून तक राजस्थान के रेगिस्तान प्रभावित जिले जैसलमेर, श्रीगंगानगर, बीकानेर में आंधी-बारिश का अलर्ट भी है इसके साथ जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, भीलवाड़ा समेत कई जिलों में बरसात का होने का अनुमान है.
छत्तीसगढ़ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 जून तक कई जगहों पर बारिश होने के आसार बने हुए हैं. इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बरसात का अनुमान है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 17 से 20 जून के बीच भारी बरसात होने का अनुमान है. वहीं बिहार और ओडिशा के कई भागों में भारी बारिश के साथ तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है.
देश के अन्य राज्यों में मौसम का हाल
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश,असम और मेघालय में 18 से 21 जून के दौरान भारी बारिश की आशंका जताई है. दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बारिश का अनुमान है. कई इलाकों में बरसात हो सकती है. वहीं तेलंगाना के कई भागों में लू चलने की आशंका है. गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और ओडिशा में 17 जून तक गर्मी के साथ उमस रहेगी. मौसम विभाग के अनुसार, 18 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी है. वहीं देश के अन्य भागों में तापमान में किसी तरह का बदलाव न होने की संभावना है.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation