कर्नाटक की राजनीति में कई महीनों से जारी भारी खींचतान और सस्पेंस के खात्मे के बाद अब नई सरकार के गठन की प्रक्रिया सुपरफास्ट मोड में आ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद कांग्रेस आलाकमान द्वारा हरी झंडी मिलने के साथ ही डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो चुका है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपनी धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्ति के लिए जाने जाने वाले डीके शिवकुमार ने अपने पारिवारिक ज्योतिषी बेल्लूर द्वारकानाथ से विशेष विचार-विमर्श करने के बाद 3 जून की तारीख तय की है।
माना जा रहा है कि 3 जून को एक बेहद सादगीपूर्ण समारोह में वे राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में गोपनीयता की शपथ लेंगे। इसके लिए कांग्रेस का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल आज राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेगा।
शिवकुमार के साथ दो उपमुख्यमंत्री भी ले सकते हैं शपथ, जातीय समीकरणों पर जोर कांग्रेस नेतृत्व इस नए बदलाव के जरिए राज्य में किसी भी प्रकार के आंतरिक असंतोष को रोकने के लिए फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है। सूत्रों से मिली के अनुसार, 3 जून को होने वाले मुख्य समारोह में डीके शिवकुमार के साथ दो नए उपमुख्यमंत्री भी पद और गोपनीयता की शपथ ले सकते हैं।
पार्टी के भीतर सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के लिए तय किए गए इस फॉर्मूले के तहत एक उपमुख्यमंत्री दलित समुदाय से और दूसरा उपमुख्यमंत्री अल्पसंख्यक समुदाय से बनाया जा सकता है। इस कदम से कांग्रेस राज्य के दो सबसे बड़े और पारंपरिक वोट बैंकों को एक साथ साधने की पुख्ता रणनीति पर काम कर रही है।
राहुल गांधी का निर्देश, यतींद्र सिद्धारमैया को मिल सकती है कैबिनेट में जगह राहुल गांधी चाहते हैं कि आगामी 2028 के कर्नाटक विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए नए मंत्रिमंडल में दलितों, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अल्पसंख्यकों और खासकर युवा चेहरों को अधिक से अधिक प्रतिनिधित्व और तरजीह दी जाए।
वहीं, दूसरी ओर पार्टी से विदा ले रहे कद्दावर नेता सिद्धारमैया के गुट को संतुष्ट रखने और उनकी राजनीतिक विरासत को सम्मान देने के लिए उनके पुत्र यतींद्र सिद्धारमैया को नई सरकार के मंत्रिमंडल में कोई बेहद महत्वपूर्ण और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। नए मंत्रियों के नामों के फाइनल पैनल को लेकर आज दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और रणदीप सिंह सुरजेवाला की मौजूदगी में अंतिम मोहर लग सकती है।
कौन है डीके शिवकुमार के आध्यात्मिक गुरु बेल्लूर द्वारकानाथ
कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे डीके शिवकुमार के सबसे भरोसेमंद आध्यात्मिक और ज्योतिष गुरु राजगुरु बेल्लूर शंकरनारायण द्वारकानाथ हैं। द्वारकानाथ गुरुजी बेंगलुरु के एक बेहद प्रसिद्ध और कद्दावर ज्योतिषाचार्य हैं, जिनका डीके शिवकुमार के साथ पिछले 40 वर्षों का गहरा नाता है। द्वारकानाथ गुरुजी केवल एक ज्योतिषी नहीं, बल्कि डीके शिवकुमार के सबसे बड़े विश्वासपात्र और मार्गदर्शक हैं। शिवकुमार अपने जीवन और राजनीति का कोई भी बड़ा फैसला उनकी सलाह के बिना नहीं लेते। वे हफ्ते में कम से कम 3 दिन सुबह गुरुजी से फोन पर या व्यक्तिगत रूप से मिलकर मार्गदर्शन जरूर प्राप्त करते हैं।
जब डीके शिवकुमार दशकों पहले पहली बार एक सामान्य युवा के रूप में उनके पास आए थे, तभी उन्होंने उनकी कुंडली के सितारों को देखकर यह भविष्यवाणी कर दी थी कि वे एक दिन कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद तक जरूर पहुंचेंगे। उनका कहना है कि शिवकुमार की कुंडली में ग्रहों का योग बेहद मजबूत है और वे लंबे समय तक राज्य की राजनीति पर राज करेंगे। डीके शिवकुमार ने खुद कर्नाटक विधानसभा के भीतर अपने गुरु की इच्छाशक्ति से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया था।
साल 1999 में जब एस.एम. कृष्णा की सरकार बन रही थी और मंत्रियों की फाइनल लिस्ट से शिवकुमार का नाम अचानक गायब हो गया था, तो उन्होंने आधी रात को हताश होकर द्वारकानाथ गुरुजी को फोन किया था। तब गुरुजी ने उन्हें कड़े लहजे में कहा था, अगर मंत्री बनना है, तो जाओ और दरवाजा लात मारकर अपना हक मांगो, सत्ता कभी किसी को थाली में परोसकर नहीं मिलती। गुरु की इसी बात से प्रेरित होकर शिवकुमार आधी रात को ही एस.एम. कृष्णा के घर पहुंचे और आखिरकार मंत्री पद हासिल करके ही दम लिया।
सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण की तारीख को लेकर भी द्वारकानाथ गुरुजी पूरी तरह एक्टिव हैं। उन्होंने ग्रहों की चाल और नक्षत्रों के हिसाब से 3 जून का समय सबसे शुभ और कल्याणकारी बताया है, ताकि मुख्यमंत्री के रूप में शिवकुमार का नया कार्यकाल पूरी तरह स्थिर, मजबूत और सफल रहे।
गुजरात टाइटंस ने न्यू चंडीगढ़ में अपना दूसरा क्वालिफायर खेला था, जिसे जीतकर टीम फाइनल में पहुंची थी. ऐसे में टीम को फाइनल के लिए अहमदाबाद पहुंचना था लेकिन मौसम ने उसकी राह में रोड़ा डाल दिया. Sat, 30 May 2026 22:14:27 +0530