Who is Jai moondra: आयरलैंड ने भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 सीरीज में हराकर अपने क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक हासिल की। मौजूदा टी20 विश्व चैंपियन भारत को 2-0 से हराने में सबसे बड़ा योगदान एक ऐसे खिलाड़ी का रहा, जिसकी जड़ें भारत से जुड़ी हैं। राजस्थान के टोंक में जन्मे जय मूंद्रा ने अपने इंटरनेशनल करियर की शानदार शुरुआत करते हुए आयरलैंड को ऐतिहासिक सीरीज जीत दिलाने में बड़ा रोल निभाया।
मूंदड़ा ने पूरी सीरीज में दमदार गेंदबाजी की। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के साथ ही प्लेयर ऑफ द सीरीज दोनों चुना गया।
आयरलैंड की यह जीत कई मायनों में खास रही। भारत ने साल 2023 से लगातार 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज जीती थीं। लेकिन इस दौरे पर टीम इंडिया फिसड्डी साबित हुई। पहले मुकाबले में भारत को 34 रन से हार मिली थी, जबकि दूसरे टी20 में टीम 155 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 1 रन से मुकाबला हार गई। इसके साथ ही आयरलैंड ने पहली बार भारत के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में टी20 सीरीज जीतकर इतिहास रच दिया।
#WATCH | Tonk, Rajasthan: Jai Moondra's mother, Vidya Moondra says, "...I am sad that India lost but my son performed so well and brought laurels to his family, Rajasthan and country. I am proud of him. He picked 2 wickets. Everyone who ever watched him play used to tell us to… pic.twitter.com/uhuZY0vFui
कौन हैं जय मूंदड़ा? इस पूरी सीरीज की सबसे बड़ी कहानी जय मूंदड़ा की रही। भारतीय मूल के इस तेज गेंदबाज ने अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय दौरे में ऐसा प्रदर्शन किया कि क्रिकेट जगत उनकी चर्चा करने लगा। 10 जनवरी 1997 को राजस्थान के टोंक में जन्मे जय मूंदड़ा ने शुरुआती पढ़ाई और जीवन भारत में बिताया। साल 2021 में वह इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में मास्टर्स की पढ़ाई करने के लिए आयरलैंड चले गए।
उन्होंने डबलिन स्थित टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने आईटी सेक्टर में नौकरी भी की, लेकिन क्रिकेट के प्रति उनका जुनून कभी कम नहीं हुआ। एक समय क्रिकेटर बनने के लिए लाखों रुपये महीने की नौकरी तक छोड़ दी थी।
डबलिन के एक क्लब से हुई क्रिकेट की शुरुआत आयरलैंड पहुंचने के बाद जय मूंदड़ा ने डबलिन के लेन्स्टर क्रिकेट क्लब से खेलना शुरू किया। लगातार मेहनत के दम पर उन्हें घरेलू क्रिकेट में लेन्स्टर टीम के लिए खेलने का मौका मिला। वह बाएं हाथ के बल्लेबाज होने के साथ-साथ बाएं हाथ के तेज-मध्यम गति के गेंदबाज भी हैं।
अगस्त 2024 में उन्होंने नॉर्थ वेस्ट वॉरियर्स के खिलाफ टी20 डेब्यू किया। इसके बाद मई 2025 में मंस्टर रेड्स के खिलाफ अपना पहला लिस्ट-ए मैच खेला। घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के चलते उन्हें 2026 एमराल्ड चैलेंज के लिए फर्स्ट क्लास टीम में भी जगह मिली, जहां न्यूजीलैंड टेस्ट की तैयारियां की जा रही थीं।
इंटरनेशनल क्रिकेट की पहली गेंद पर लिया विकेट जय को मेहनत का सबसे बड़ा इनाम तब मिला, जब भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए उन्हें पहली बार आयरलैंड की टीम में चुना गया। 26 जून को बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 मैच में उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की पहली ही गेंद पर भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन का विकेट लेकर यादगार शुरुआत की। यही विकेट आयरलैंड की भारत पर किसी भी फॉर्मेट में पहली जीत की नींव बना।
दूसरे टी20 में भी जय मूंदड़ा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 32 रन देकर तीन विकेट लिए। उनके इस प्रदर्शन ने भारत की बल्लेबाजी को पूरी तरह दबाव में रखा और आयरलैंड ने 2-0 से सीरीज अपने नाम कर ली। भारतीय मूल के इस खिलाड़ी ने साबित कर दिया कि प्रतिभा को सही अवसर मिले तो वह किसी भी देश के लिए इतिहास रच सकती है।