एआई खतरा नहीं, बल्कि विकास का एक बड़ा अवसर : एन चंद्रशेखरन
नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने मंगलवार को कहा कि टेक्नोलॉजी सर्विसेज इंडस्ट्री के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) खतरा नहीं, बल्कि एक बड़ा अवसर है। साथ ही कहा कि कंपनी की एआई से आय पिछली चार तिमाही से लगातार बढ़ रही है।
इस दौरान चक्रवृद्धि तिमाही वृद्धि दर (सीक्यूजीआर) में 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। पिछली तिमाही में सालाना आधार पर एआई से आय करीब 2.5 अरब डॉलर थी।
टीसीएस की 31वीं सालाना आम बैठक में बोलते हुए उन्होंने कहा कि अगले तीन सालों में कंपनी में एआई एजेंट की संख्या कर्मचारियों के बराबर हो सकती है, जो टीसीएस में काम करने के तरीके में एक बड़ा बदलाव होगा।
चंद्रशेखरन ने कहा कि कंपनी अपने इतिहास का सबसे अहम काम कर रही है, क्योंकि एआई ग्लोबल टेक्नोलॉजी सर्विस इंडस्ट्री को बदल रहा है।
चंद्रशेखरन के मुताबिक, एआई को अपनाने के कारण तीन-चौथाई कंपनियों को लगता है कि अगले दो वर्षों में टेक्नोलॉजी पर खर्च बढ़ सकता है।
उन्होंने कहा कि निवेशकों की चिंताओं और हाल ही में पूरे आईटी सेक्टर पर बने दबाव के बावजूद, कंपनी के फंडामेंटल मजबूत बने हुए हैं; इसमें स्थिर मार्जिन, बढ़ती रेवेन्यू और मजबूत डील पाइपलाइन शामिल हैं।
उन्होंने समझाया, “आज एआई मुख्य रूप से सॉफ्टवेयर और कंप्यूटर की दुनिया में मौजूद है, लेकिन जल्द ही यह असल दुनिया में भी अपनी जगह बना लेगा, जैसे स्टोर, फैक्ट्रियां, वेयरहाउस, एनर्जी नेटवर्क, गाड़ियां और सप्लाई चेन। इसके लिए ऐसे एक्सपर्ट्स की जरूरत होगी जो आईटी, एआई और फिजिकल इक्विपमेंट व इन्फ्रास्ट्रक्चर को आपस में जोड़ना जानते हों।”
आईटी सर्विस इंडस्ट्री में एआई के कारण नौकरियां जाने की चिंताओं पर बात करते हुए, उन्होंने माना कि एक अहम सवाल सामने आया है: अगर एआई ज्यादातर काम कर सकता है, तो उन सर्विस को देने के लिए बने सेक्टर का क्या होगा?
हालांकि, उन्होंने कहा कि यह डर इस गलतफहमी पर आधारित है कि एआई एंटरप्राइज सिस्टम के साथ कैसे काम करेगा।
--आईएएनएस
एबीएस
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
करनाल जिला अस्पताल की नर्सों की स्ट्राइक, हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष को बर्खास्त करने की मांग
करनाल, 9 जून (आईएएनएस)। करनाल के जिला नागरिक अस्पताल की सभी स्टाफ नर्स हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भटिया को बर्खास्त करने की मांग को लेकर मंगलवार को 2 घंटे तक हड़ताल पर रहीं। हड़ताल कर रही नर्सों ने बच्ची के साथ गलत काम करने वाले डॉक्टर के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की।
दरअसल, बीते दिनों कुरुक्षेत्र में एलएनजीपी सरकारी अस्पताल में एक बच्ची के साथ गलत काम हुआ था, जिसमें अस्पताल के डॉक्टर पर आरोप लगा था। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार भी कर लिया है। इस मामले में महिला आयोग की हरियाणा की अध्यक्ष रेणु भाटिया बीते दिनों अस्पताल में पहुंची थीं और उन्होंने वहां मौजूद नर्स को फटकार लगाई थी। रेणु भटिया ने नर्सों से सवाल किया था कि वह घटना के दौरान मौके पर क्यों नहीं थीं और उन्होंने बेटी को अकेले क्यों डॉक्टर के पास रहने दिया? इसके बाद से अब यह मामला हरियाणा में गरमाता हुआ नजर आ रहा है, जिसको लेकर आज करनाल में नर्स 2 घंटे की पेन डाउन स्ट्राइक पर रहीं।
करनाल नागरिक अस्पताल की स्टाफ नर्स भारती ने कहा कि आज हमने सिर्फ 2 घंटे की स्ट्राइक की है। अगर सरकार ने हमारी स्ट्राइक को गंभीरता से नहीं लिया और हमारी मांगों को पूरा नहीं किया तो हम लंबी हड़ताल करेंगे। उन्होंने कहा कि आयोग की अध्यक्ष ने हम पर बेबुनियाद आरोप लगाया है। बिना जांच के ही हमें आरोपी बना दिया गया।
महिला आयोग की अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि हमने (नर्सों) महिला होकर बच्ची के साथ गलत होने दिया और डॉक्टर के साथ शामिल थे। जब कोई चीज साबित नहीं हुई तो हमें किस तरह से कसूरवार बताया जा रहा है?
उर्मिला ने कहा, हम यह चीज बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। आज तो सिर्फ 2 घंटे की हड़ताल हुई है, अगर सरकार ने महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया मैडम को बर्खास्त नहीं किया तो हमारी हड़ताल आगे भी बढ़ सकती है। हम हरियाणा के संगठन से बातचीत करके आगे की रणनीति बताएंगे कि हमें क्या करना है।
--आईएएनएस
ओपी/वीसी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.


News Nation


















