दिल्ली के पीरागढ़ी में चौकीदार को दो बार कुचलकर मौत के घाट उतारा, हत्या का केस दर्ज
दिल्ली के पश्चिम विहार वेस्ट इलाके में एक 60 वर्षीय चौकीदार की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है. जांच में सामने आया है कि मृतक को एक चार पहिया वाहन ने दो बार कुचला था.
मंदिर के पास हादसे की सूचना मिली
पुलिस के मुताबिक, 24 मई 2026 को सुबह करीब 4:03 बजे पीरागढ़ी गांव के एंट्री गेट स्थित टेंपो स्टैंड, श्री सिद्ध बाबा मंदिर के पास हादसे की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस को बिजेंद्र नाम का व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा मिला, जिसे मृत घोषित कर दिया गया.,
चार पहिया वाहन ने बिजेंद्र को दो बार कुचला
मृतक की पहचान बिजेंद्र पुत्र स्वर्गीय चंदा भान, निवासी पीरागढ़ी गांव, दिल्ली के रूप में हुई है. वह टेंपो स्टैंड पर चौकीदार का काम करता था. मौके पर जांच के दौरान पुलिस को स्किड मार्क्स मिले, जिसके बाद आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज में सामने आया कि एक चार पहिया वाहन ने बिजेंद्र को दो बार कुचला था.
क्राइम टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया
मामले में पश्चिम विहार वेस्ट थाने में BNS की धारा 103(1)/3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने मामले की जांच के लिए सब-डिविजन पश्चिम विहार की विशेष टीमों और आउटर जिले की ऑपरेशन यूनिट्स को लगाया है. एफएसएल और क्राइम टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की कार्रवाई, कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के 3 शूटर गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 शूटर और 2 हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है. गैंग छावला के एक क्लिनिक पर रंगदारी के लिए फायरिंग करने की साजिश रच रहा था.
शूटर अभिषेक को गिरफ्तार किया
स्पेशल सेल/नॉर्दर्न रेंज की टीम ने 20 मार्च को अमृतसर के रहने वाले शूटर अभिषेक को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने बताया कि नंदू के कहने पर वो फरवरी में साथियों के साथ दिल्ली आया था. छावला के क्लिनिक पर फायरिंग करनी थी, लेकिन भीड़ ज्यादा होने की वजह से वारदात टाल दी.
अंकुश और अमन को भी दबोचा गया
अभिषेक की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी साहिल और हर्षदीप उर्फ पोलू को अमृतसर से पकड़ा. वहीं कैथल से हथियार सप्लायर करण उर्फ अंकुश और अमन को भी दबोचा गया. आरोपियों से 3 सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस और 3 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं. मोबाइल से नंदू से बातचीत के सबूत मिले हैं.
कैथल में आर्म्स एक्ट का केस
पूछताछ में खुलासा हुआ कि नंदू विदेश से बैठकर रंगदारी का रैकेट चला रहा है. पंजाब के शूटरों को दिल्ली भेजकर वारदात करवाई जाती है. हथियार और बाइक कैथल के उसके साथी मुहैया कराते हैं. गिरफ्तार शूटरों में से साहिल और हर्षदीप पर पहले से अमृतसर में आपराधिक मामले दर्ज हैं. करण पर हरियाणा के कैथल में आर्म्स एक्ट का केस है. स्पेशल सेल का कहना है कि इस कार्रवाई से राजधानी में होने वाली बड़ी वारदात टल गई. गैंग के नेटवर्क और फंडिंग चेन का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation




















